लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (यूपीआईटीईएक्स) 2026 के समापन पर मंगलवार को स्किलिंग उत्तर प्रदेश फॉर ग्लोबल कॉम्पिटीटिवनेस विषय पर कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक हुनरमंद बनाने पर जोर दिया गया।
प्रमुख सचिव व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास डॉ. हरि ओम ने कहा, बढ़ती युवा शक्ति ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन इसके लिए उन्हें चुने क्षेत्र की स्किल पर फोकस करना होगा। उद्योगों को भी सरकार के सहयोग से वर्क प्लेस पर ट्रेनिंग देकर स्किल्ड मैनपावर तैयार करनी चाहिए।
यूपी स्किल डेवलपमेंट मिशन (यूपीएसडीएम) के डायरेक्टर पुलकित खरे ने बताया कि मिशन के तहत युवाओं को निशुल्क ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कोर्स पूरा होने पर प्रमाणपत्र भी दिया जाता है, जिससे युवा रोजगार मेलों में नौकरी पा सकते हैं। उन्होंने युवाओं को एआई जैसी नई तकनीक सीखने की भी सलाह दी। इंडस्ट्री प्रतिनिधि कविता निगम ने भी विचार व्यक्त किए। समापन दिवस पर विभिन्न राज्यों के उत्पादों और व्यंजनों को भी लोगों ने सराहा।