प्रदेश में कोरोना वैक्सीन की सुरक्षा और कोल्ड चेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। यही नहीं, कोविड-19 के नए स्ट्रेन के मद्देनजर अब हर स्तर पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कही।
उन्होंने कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग व सर्विलांस को पहले की तरह मजबूत रखने के निर्देश दिए। कहा कि टेस्टिंग कार्य पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। कोरोना वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव के लिए हर जिले में प्रभावी कोल्ड चेन की व्यवस्था की जाए। इसके लिए सभी आवश्यक अवस्थापना सुविधाएं प्राथमिकता पर तैयार की जाएं। वहीं, वैक्सीनेशन के लिए वैक्सीनेटर्स तैयार करने की कार्यवाही को समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाए। उन्होंने आम लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने के लिए कहा। साथ ही कोविड अस्पतालों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।