उत्तर भारत के सबसे बड़े लुलु मॉल में बुधवार को बड़ी दुर्घटना होते टल गई। परिवार के साथ मॉल पहुंची एक बच्ची का हाथ एस्केलेटर में फंस गया। इसके बाद मॉल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मॉल में तैनात कर्मचारियों ने एस्केलेटर बंद करके बच्ची को सकुशल निकाल लिया। बता दें कि लखनऊ में दो हजार करोड़ रुपये की लागत से बने उत्तर भारत के सबसे बड़े लुलु मॉल का उद्घाटन रविवार को हुआ था।
मॉल का निर्माण सुशांत गोल्फ सिटी में शहीद पथ पर करीब 22 लाख वर्गफीट में किया गया है। इसका मुख्य आकर्षण यहां बना प्रदेश का सबसे बड़ा हाइपर मार्केट और गेमिंग जोन है। इसके अलावा शादियों की खरीदारी के लिए वेडिंग एरीना और मनोरंजन के लिए 11 स्क्रीन का सुपरप्लेक्स भी यहां तैयार किया गया है।