राज्य सरकार ने प्रदेश के धार्मिक स्थलों को सोलर सिटी बनाने की मुहिम छेड़ी है। अयोध्या, मथुरा, वाराणसी, गोरखपुर व प्रयागराज को 2024 तक सोलर सिटी बनाने की तैयारी है। इन शहरों को क्लीन एवं ग्रीन एनर्जी के लिहाज से मॉडल शहर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। चरणबद्ध तरीके से इन शहरों को सौर ऊर्जा उत्पादन में दक्ष बनाया जाएगा।
यही नहीं इन शहरों में घरों की छत पर 669 मेगावाट सोलर पावर उत्पादन का लक्ष्य भी तय किया गया है। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रमुख धार्मिक स्थलों को सोलर सिटी बनाने की दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
शर्मा ने कहा कि इन सभी पांच शहरों में सोलर रूफ टॉप परियोजना का अधिक से अधिक प्रचार किया जाए और लोगों को घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। तय किए गए लक्ष्य के मुताबिक इस योजना में केंद्र सरकार की ओर से 859 करोड़ व राज्य सरकार द्वारा 473 करोड़ रुपये का अनुदान उपभोक्ताओं को दिया जाएगा।