आलमबाग। आशियाना के सेक्टर-एन निवासी रत्नेश शर्मा ने नौकरानी पर घर से 5.58 लाख रुपये के गहने चुराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। रत्नेश के अनुसार दिसंबर में उनकी मां का 7.5 ग्राम का सोने का कड़ा गायब हो गया था। फिर 28 फरवरी को छोटी बहन के 29 ग्राम के सोने के जेवर गायब हो गए। उसी दिन नौकरानी लक्ष्मी भारती ने बीमारी की बात कहकर छुट्टी ले ली। फिर काम पर आना बंद कर दिया। रत्नेश ने बताया कि कुछ समय पहले उन्हें पता चला कि लक्ष्मी उनके पड़ोस में काम कर रही है। पूछताछ में उसने जेवर चुराने की बात स्वीकारते हुए जल्द गहने लौटाने की बात कही, पर नहीं दिए। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।