लखनऊ। कचौड़ी और समोसे के बहाने लखनवी अंदाज, अदबी विरासत और शहर के दिलचस्प किस्सों पर खूब चकल्लस हुई। मौका था सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्था वाह लखनऊ की ओर से सोमवार को हजरतगंज स्थित एक निजी क्लब में आयोजित महफिल-ए-टिकैत राय के तीसरे संस्करण का। कार्यक्रम में साहित्य, पारंपरिक खान-पान और अवधी हास्य-व्यंग्य के रंग एक साथ देखने को मिले।
कार्यक्रम की शुरुआत नवलकांत सिन्हा ने मशहूर शायर कृष्ण बिहारी नूर को याद करते हुए की। उन्होंने नूर की शायरी और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी रचनाओं में इश्क से लेकर अध्यात्म, वेदांत और उपनिषद तक के गहरे भाव समाहित हैं।
महफिल के पहले सत्र में लेखक ऋषि मिश्र की पुस्तक चौपटगंज : किस्सों का गुलदस्ता पर चर्चा हुई। लेखक ने लखनऊ की गलियों, वहां के दिलचस्प किरदारों और शहर से जुड़े कई अनसुने किस्सों को साझा किया। उन्होंने अपनी पुस्तक के जरिए पुराने लखनऊ की जिंदगी और उसके खास मिजाज की झलक पेश की।
दूसरे सत्र में ज्ञानेंद्र शुक्ला ने 'खस्ता कचौड़ी और अपना लखनऊ' विषय पर बातचीत की। उन्होंने शहर के नाश्ते की परंपरा, खस्ता कचौड़ी के स्वाद और खान-पान से जुड़े सामाजिक पहलुओं पर रोशनी डाली। साथ ही लखनऊ के मशहूर खस्ता-कचौड़ी के ठिकानों का भी जिक्र किया।
तीसरे सत्र 'चकल्लस' में शिल्पी सेन ने 'एक कचौड़ी, दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा' विषय के जरिये व्यंग्य के अंदाज में स्त्री-पुरुष समानता और महिला अधिकारों से जुड़े सवाल उठाए। इस सत्र में वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि व्रत केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं होना चाहिए, बल्कि पुरुषों को भी अपनी पत्नी और बेटियों के सुख और सम्मान के लिए व्रत रखना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर उमाशंकर दुबे ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर भाजपा एमएलसी संतोष सिंह, राय रवि बली, मनोज यादव, सुनीता ऐरन, राजीव श्रीवास्तव, आदेश शुक्ला और विश्वदेव राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।