महाकुंभ में संगम स्नान करते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला।
महाकुंभ में आईं महिला स्नानार्थियों की अमर्यादित वीडियो को पोस्ट करने एवं उनको बेचने वाले दो सोशल मीडिया अकाउंट के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान यह मामला संज्ञान में आने पर कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया कि महाकुंभ में स्नान करने आईं महिलाओं की नहाते एवं कपड़े बदलते समय के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जा रहे हैं। महिलाओं की निजता और गरिमा का उल्लंघन का मामला होने की वजह से मुकदमा दर्ज हुआ है।
डीजीपी मुख्यालय के मुताबिक 17 फरवरी को इंस्टाग्राम अकाउंट @neha1224872024 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस अकाउंट से महिला स्नानार्थियों के स्नान करते एवं कपड़े बदलते समय का अशोभनीय वीडियो को पोस्ट किया जा रहा था। इसे संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए मेटा कंपनी से जानकारी ली जा रही है। वहीं बुधवार को एक टेलीग्राम चैनल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। टेलीग्राम चैनल cctv CHANNEL 11 के द्वारा महाकुंभ में आईं महिलाओं के स्नान करते समय के वीडियो को विभिन्न धनराशि में उपलब्ध कराए जाने का दावा किया जा रहा था। जिसका संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अब तक 101 अकाउंट्स पर कार्रवाई
वहीं दूसरी ओर महाकुंभ को लेकर सोशल मीडिया पर भ्र्र्रामक पोस्ट करने वाले 10 प्रकरणों में शामिल 101 अकाउंट्स पर पुलिस ने अब तक कार्रवाई की है। बुधवार को भी एक सोशल मीडिया अकाउंट से पाकिस्तान के वीडियो को महाकुंभ का बताकर अफवाह फैलाने वाली पोस्ट का खंडन किया गया। इस मामले में 26 सोशल मीडिया अकाउंट के विरुद्ध कोतवाली कुंभ मेला में मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें कि महाकुंभ की शुरुआत से अब तक सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर अफवाह वाली पोस्ट करने वाले 101 अकाउंट के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।