महाकुंभ में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को अखाड़ों के अद्भुत संसार को भी पास से जानने-समझने का भी अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास कॉपरेशन (यूपीएसटीडीसी) की ओर से अखाड़ा वाक और हेरिटेज वॉक कराई जाएगी। इसके लिए दो-दो हजार रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। हर दल में पांच से दस लोगों (कम से कम तीन) को प्रशिक्षित गाइड लेकर जाएंगे और उन्हें भ्रमण कर जानकारी देंगे।
प्रयागराज में पौष पूर्णिमा के साथ ही संगम पर डुबकी लगाने का सिलसिला शुरू हो गया है। पहला शाही स्नान मंगलवार को होगा। इसे देखने के लिए देश ही नहीं विदेश से भी काफी संख्या में पर्यटक व श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं। इसे ध्यान में रखकर यूपीएसटीडीसी की ओर से अलग-अलग पैकेज तैयार किए गए हैं। जो महाकुंभ आने वाले लोगों के भ्रमण को और आसान व आकर्षक बनाने का काम करेगी।
अखाड़ा वॉक में एक-एक कर सभी अखाड़ों के शिविर में ले जाने और साथ ही नागा व अघोरियों से जुड़ी जानकारी लेने का मौका मिलेगा। उपलब्धता के अनुसार यहां के प्रमुख लोगों से बात कर वहां से जुड़ी जानकारी दिलाई जाएगी। वहीं हेरिटेज वॉक में महाकुंभ में और प्रयागराज में अलग-अलग भ्रमण कराया जाएगा। 2020 रुपये के पैकेज में सुबह सात बजे होटल इलावर्त, सिविल लाइंस से भ्रमण शुरू होगा। सबसे पहले त्रिवेणी संगम व अक्षयवट कॉरीडोर का भ्रमण कराया जाएगा।
इसके बाद लेटे हुए हनुमान जी मंदिर कॉरीडोर का दर्शन कराया जाएगा। यहां से वापस भारद्वाज आश्रम व चंद्रशेखर आजाद पार्क, इलाहाबाद म्यूजियम का 30-30 मिनट का भ्रमण कराएंगे। दोपहर में होटल इलावर्त में ही लंच होगा। इसके बाद श्रृंगवेरपुर धाम व निषादराज से जुड़े स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। वापस होटल इलावर्त आकर टूर समाप्त होगा। इस दौरान जहां प्रशिक्षित गाइड इन स्थलों से जुड़ी जानकारी पर्यटकों को देंगे। वहीं प्रयागराज की कचौड़ी-सब्जी, चाट, दही-जलेबी का लुत्फ लेने व खरीदारी करने का भी मौका मिलेगा। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है।
2500 में फोटोग्राफी की सुविधा भी
भ्रमण के साथ ही महाकुंभ में यूपीएसटीडीसी की ओर से 2500 रुपये में फोटोग्राफी की भी सुविधा दी जाएगी। इसके तहत टूर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट कीड़गंज से शुरू होगी। इसमें बोट के साथ-साथ संगम व मेला क्षेत्र में प्रमुख स्थलों पर भ्रमण कर फोटोग्राफी का मौका मिलेगा। साथ ही कुछ प्रमुख अखाड़ों व संतों के यहां भी भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए भी यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग की जाएगी।