उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन की तैयारी
600 रेलकर्मियों की लगेगी ड्यूटी, 450 सीसीटीवी से होगी निगरानी
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। प्रयागराज में शुरू हो रहे माघ मेले में श्रद्घालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए लखनऊ के रास्ते 12 स्पेशल ट्रेनों को चलाया जाएगा। साथ ही 23 ट्रेनों के अस्थायी स्टॉपेज प्रयाग में दिए जाएंगे।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन की ओर से माघ मेले को लेकर तैयारियां की गई हैं। इसमें यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। साथ ही ट्रेनों के स्टॉपेज भी बढ़ाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज आदि स्टेशनों पर यात्री सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि माघ मेले को देखते हुए मुख्यालय को 12 स्पेशल ट्रेनें चलाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जिस पर एकाध दिन में मुहर लग जाएगी। इसके अतिरिक्त लखनऊ से प्रयागराज के बीच चलने वाली कई ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां लगाने को कहा गया है। इसमें गंगा गोमती, इंटरसिटी प्रमुख रूप से शामिल हैं, जिसमें एसी बोगियां लगेंगी। इसके अतिरिक्त 23 ट्रेनों को प्रयाग में स्टॉपेज दिया जाएगा, जिससे आवाजाही आसान हो जाएगी।
600 कर्मी मेले में करेंगे ड्यूटी
सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि माघ मेले के दौरान रेलवे स्टेशनों पर व्यवस्थाओं को मुकम्मल बनाए रखने के लिए 600 कर्मचारियों, अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसमें जीआरपी, आरपीएफ, ऑपरेटिंग, कॉमर्शियल आदि विभागों के कर्मचारी शामिल हैं। इससे स्टेशनों का संचालन बेहतर हो सकेगा।
450 से अधिक सीसीटीवी करेंगे निगरानी
माघ मेले के दौरान लखनऊ सहित प्रयागराज, सूबेदारगंज आदि रेलवे स्टेशनों पर निगरानी सीसीटीवी से की जाएगी। इसके लिए 450 सीसीटीवी अतिरिक्त रूप से लगाए जा रहे हैं। यह चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। आरपीएफ व जीआरपी संयुक्त रूप से गश्ती बढ़ाएगी। संदिग्धों पर नजर रखेगी।