केंद्रीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसए) की टीम ने सोमवार को नेस्ले इंडिया के गोदाम पर छापा मार कर 20 हजार किलो मैगी का स्टाक सीज कर दिया। यह कार्रवाई मैगी पर प्रतिबंध लगने और स्टॉक हटाने के लिए तय अवधि समाप्त होने के बाद की गई। लैब टेस्ट में बच्चों के लिए मैगी खतरनाक पाए जाने के बाद देश भर में मैगी की खरीद-बिक्री और भंडारण पर प्रतिबंध है।
केंद्रीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसए) से आईं नामित अधिकारी डॉ. मनीषा नारायन ने दोपहर बाद एफएसडीए मुख्यालय पर नेस्ले इंडिया कंपनी के बंथरा स्थित रीजनल सेल्स डिपो व वेयर हाउस के निरीक्षण के बारे में जानकारी दी।
एफएसडीए प्रशासन ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसपी सिंह की अगुवाई में एफएसओ की टीम गठित कर केंद्रीय मुख्यालय से आई अधिकारी के साथ बंथरा भेजी। बंथरा स्थित नेस्ले इंडिया कंपनी के रीजनल वेयर हाउस पहुंची टीम ने निरीक्षण में पाया कि दो सौ ग्राम से दो किग्रा. तक के मैगी पैकेट निर्देश के बाद भी बिना सील किए डिपो में स्टोर कर रखे हुए हैं।
आवश्यक कागजी औपचारिकता के बाद एफएसडीए टीम ने लगभग बीस हजार किलो मैगी पैकेटों को सीलबंद कर जब्त करने की कार्रवाई शुरू की जो देर शाम तक पूरी हो पाई।
टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इन सीलबंद मैगी पैकेट को वेयर हाउस कक्ष में ही स्टोर कर कमरे को सीज कर दिया गया है। अब केंद्रीय मुख्यालय से मिलने वाले अगले दिशानिर्देश के आधार पर सीज किए गए मैगी स्टॉक को नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।