लखनऊ। मजेंटा और पर्पल टीम ने रविवार के मुकाबले जीतकर नीरू कपूर मेमोरियल क्रिकेट अंडर-12 द्वितीय एसएआर ट्रॉफी में पूरे अंक बटोरे। मजेंटा ने सफायर को दो विकेट से जबकि पर्पल ने पीच को आठ रन से मात दी।
एसएमआर ग्राउंड पर सफायर टीम के 94 रन पर सिमट गई। कप्तान माधव मिश्रा ने 25 रन का योगदान किया। चार विकेट चटकाने वाले मजेंटा के कैवल्य राजपाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जवाबी पारी में मजेंटा टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। सैयांश निगम ने 20 रन बनाए। सफायर के युवराज ने चार विकेट झटके।
दिन के दूसरे मुकाबले में पर्पल टीम ने पीच को 183 रन का लक्ष्य दिया। पर्पल के आरव ने 49, अभय ने 48 और आर्यन ने 36 रन बनाए। पीच टीम के सक्षम सिंह, अर्श और रिमांक ठाकुर ने दो-दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीच टीम के सलामी बल्लेबाज सनम जौहरी ने 108 रन की शतकीय पारी खेली। हालांकि इसके बावजूद पीच की टीम 174 रन पर सिमट गई। प्लेयर ऑफ द मैच व पर्पल टीम के कप्तान आर्यन यादव ने तीन विकेट झटके।