मजिस्ट्रेट के सामने हुए मदरसा छात्रा के बयान
लखनऊ। दारूल फरुकिया मदरसा में नाबालिग छात्रा के कपड़े उतारकर पीटने के मामले में काकोरी पुलिस ने सोमवार को मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता का बयान दर्ज कराया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए मदरसा पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपी मौलवी शिक्षक अब्दुल कारी माबूद से दो घंटे तक पूछताछ की। उसने पिटाई की बात को गलत बताया। छात्रा को डांटने की बात पुलिस को बताई है। एडीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी छात्रा के दिए गए बयान को पुलिस नहीं देख पाई है। बयानों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि काकोरी कस्बे में रहने वाली 12 साल की बालिका दारूल फरुकिया मदरसा में कक्षा 2 में पढ़ती है। आरोप था कि रविवार को सबक (पाठ) न याद होने पर शिक्षक अब्दुल कारी माबूद ने उसके कपड़े उतार कर पीटा था। उसका सिर सीट से टकरा दिया था। इससे वह बेहोश गई थी।