गुडंबा। मड़ियांव पुलिस ने दो आपराधिक गिरोहों के आठ लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्र ने बताया कि इन गिरोहों की गतिविधियों से लोगों में भय का माहौल था।
पहले गिरोह में दुबग्गा के बेगरिया निवासी नवाब अली उर्फ सलमान अली उर्फ अर्जुन उर्फ अमन (23) और हाजी कॉलोनी निवासी आफताब हुसैन (24), महिपतमऊ निवासी मो. अफरोज (32) और बसंतकुंज योजना निवासी समशुद्दीन (20) शामिल थे। यह गिरोह मड़ियांव, दुबग्गा, ठाकुरगंज और बख्शी का तालाब में चोरी व वाहन चोरी की वारदातें करता था। पुलिस ने 11 जनवरी को इन चारों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से चोरी के जेवरात, नकदी, अवैध शस्त्र और विस्फोटक पदार्थ मिले थे।
दूसरे गिरोह में खीरी निवासी निखिल पांडेय उर्फ मुन्ना पंडित (20) और उसका भाई नवीन पांडेय (21), सीतापुर निवासी अतुल सिंह (25) और ऋषभ कुमार शुक्ला (25) शामिल थे। इन चारों पर 17 मई को यादव ढाबे पर विजय यादव को गोली मारने का आरोप है। इलाज के दौरान विजय यादव की मौत हो गई थी।