महानगर गोल मार्केट स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान में शुक्रवार को माधुरी दीक्षित आभूषणों की शॉपिंग करती दिखाई देंगी। उनके साथ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी होंगे।
आगे पीछे कहीं नसीर का चहेता अरशद वारसी भी अपनी चुलबुली हरकतों के साथ दिखाई देगा। दरअसल शुक्रवार को रिलीज हो रही माधुरी दीक्षित अभिनीत फिल्म ‘डेढ़ इश्किया’ में शहरियों को राजधानी की ऐसी कई लोकेशन दिखाई पड़ेंगी।
मार्च में राजधानी लखनऊ और सीतापुर के महमूदाबाद किले में फिल्म की शूटिंग का लंबा दौर चला।
फिल्म में बेगम पारा का किरदार निभा रहीं माधुरी, बब्बन अरशद वारसी, खालूजान नसीरुद्दीन शाह और मुनिया हुमा कुरैशी ने यहां की तमाम लोकेशनों पर शूटिंग की।
दर्शकों को यहां नक्खास चौराहे के पास शहंशाह मंजिल, चौक-चौपटिया के कई इलाकों के अलावा महानगर गोल मार्केट भी दिखाई देगा।
इसके अलावा शहर से लगभग 58 किमी. दूर सीतापुर स्थित राजा महमूदाबाद के किले में फिल्माए गए शूटिंग सीन भी दिखेंगे। किले और किले के नजदीक ही एक रेलवे ट्रैक के पास कई रोमांचक सीन भी दर्शक देख सकेंगे।
राज्य सरकार ने फिल्म डेढ़ इश्किया और बुलेट राजा को एक-एक करोड़ रुपये का अनुदान देने पर स्थिति साफ की है। सरकार की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश की फिल्म नीति के तहत ही अनुदान दिया गया है।
इन फिल्मों को अनुदान देने के लिए इनकी स्क्रिप्ट व इनके निर्माण पर होने वाले खर्च का परीक्षण करने के लिए दो विशेषज्ञों की समितियों की संस्तुति पर फिल्म बंधु ने अनुदान देने का निर्णय किया।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि दोनों फिल्मों के संबंध में जिलाधिकारियों ने यह प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए कि इनकी 75 प्रतिशत से अधिक शूटिंग उत्तर प्रदेश में ही की गई है। सेंसर बोर्ड ने इन्हें दिखाने का प्रमाण पत्र भी दिया है।
प्रवक्ता के अनुसार प्रदेश को फिल्म निर्माण के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने, प्रदेश के पर्यटक स्थलों के बारे में जानकारी देने व पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए उत्तर प्रदेश फिल्म नीति 2001 (संशोधित) लागू की गई है।