केलानिया, पेराडेनिया विवि से डिग्री ले सकेंगे लविवि छात्र
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में परास्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी श्रीलंका के केलानिया विवि और पेराडेनिया विवि में जाकर अध्ययन कर सकेंगे। वहां के छात्र लविवि में आकर कक्षाएं ले सकेंगे। यह सहमति विवि के कुलपति की दोनों विश्वविद्यालयों के साथ बृहस्पतिवार को हुई गोलमेज चर्चा में बनी।
कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि चर्चा में संयुक्त डिग्री व दोहरी डिग्री कार्यक्रम, छात्र विनिमय व गतिशीलता, अकादमिक संसाधनों और तकनीकी की साझेदारी समेत अकादमिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस दौरान केलानिया विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर नीलांति डी सिलवा और पेराडेनिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डब्ल्यूएमटी मधुजीत ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
इन मुद्दों पर बनी सहमति
- दोनों विश्वविद्यालयों के बीच मुख्य रूप से पीजी पाठ्यक्रमों के लिए छात्र और संकाय आदान-प्रदान।
- दोनों विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त सहयोगी परियोजना को शुरू करना।
- प्रबंधन, वाणिज्य, प्राणिशास्त्र, मानव विज्ञान, अंग्रेजी अध्ययन और सांस्कृतिक अध्ययन व केंद्रीय पुस्तकालयों में अकादमिक संबंधों को आगे बढ़ाना।
- डॉक्टरेट शोध के लिए दोनों विश्वविद्यालयों के पुस्तकालयों में छात्रों की निशुल्क पहुंच।
- दोनों विश्वविद्यालयों के संकायों में हाल के विकासों पर संयुक्त कार्यशालाएं, लघु अवधि पाठ्यक्रम आयोजित करना।