माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में बीते 28 अप्रैल को कुलपति कार्यालय में हुए हंगामे के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने पांच छात्रों को निलंबित कर दिया है।
जारी कार्यालय आदेश में गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है। 17 अप्रैल को सीतापुर रोड स्थित द्वितीय परिसर के गंगा महिला छात्रावास में अनाधिकृत प्रवेश, प्रशासनिक कार्यों में बाधा डालने, विश्वविद्यालय की गरिमा को ठेस पहुंचाने और एक महिला कर्मचारी के साथ अनुचित व्यवहार व स्पर्श जैसे आरोप लगाए गए हैं। वहीं 28 अप्रैल को मुख्य परिसर में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन, कुलपति कक्ष में जबरन प्रवेश का प्रयास, कुलपति के आवास की ओर जाते समय रास्ता रोकने, वाहन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश और अधिकारियों के साथ अभद्रता के भी आरोप हैं।
निलंबित छात्रों में प्रेम प्रकाश यादव (एमए हिंदी प्रथम वर्ष), प्रसन्न शुक्ला (एमए एआईएच प्रथम वर्ष), शशि प्रकाश (एमए लोक प्रशासन प्रथम वर्ष), हर्षित शुक्ला (एलएलबी त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम द्वितीय सेमेस्टर) और रूपेंद्र बहादुर सिंह (एमए कॉम्पोजिट हिस्ट्री प्रथम वर्ष) शामिल हैं।
विश्वविद्यालय ने सभी छात्रों को तीन कार्य दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। जांच अवधि में उन्हें परिसर, छात्रावास और अन्य सुविधाओं से वंचित कर दिया गया है। ।