सार
आईपीएल मैच के दौरान लखनऊ में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहीद पथ पर ऑटो, बस और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग व्यवस्था तय की गई है। दर्शकों को समय से पहले पहुंचने और नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि जाम से बचा जा सके।
आईपीएल के मैच के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। मैच के दौरान शहीद पथ पर ऑटो, ई-रिक्शा और रोडवेज बसें प्रतिबंधित रहेंगे। यही नहीं, व्यवसायिक वाहनों को भी प्रतिबंधित किया गया है। इनके लिए वैकल्पिक मार्ग खुले रहेंगे, जिनका इस्तेमाल चालक कर सकेंगे। हालांकि, निजी वाहनों एवं किराये की टैक्सी आदि पर रोक नहीं होगी।
वहीं, पुलिस ने अपील की है कि स्टेडियम के आस पास रहने वाले मैच देखने के लिए ही उधर जाएं। अगर उन्हें मैच नहीं देखना है तो अन्य वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। दर्शकों से अपील है कि शाम 7:30 बजे से शुरू हो रहे मैच के लिये छह बजे से आठ बजे तक का पीक आवर से बचते हुए उसके पहले या फिर बाद में स्टेडियम में प्रवेश करने का प्रयास करें।