लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के 106वें स्थापना दिवस समारोह का आगाज मंगलवार को साहित्य और सम्मान के संगम से होगा। पूर्व संध्या पर 24 नवंबर को मालवीय सभागार में कवि सम्मेलन और विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। पद्मश्री लोकगायिका मालिनी अवस्थी मुख्य अतिथि होंगी। अध्यक्षता कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी करेंगे।
दोपहर तीन से शाम 5:30 बजे तक होने वाले कवि सम्मेलन में डॉ. हरिओम, हसन काजमी, प्रो. अब्बास रजा नैयर, पंकज प्रसून और अंशु प्रिया दुबे काव्यपाठ करेंगे। इस दौरान सात पूर्व कुलपतियों और छह वरिष्ठ पत्रकारों समेत 13 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
25 नवंबर को मुख्य समारोह
स्थापना दिवस का मुख्य समारोह 25 नवंबर को होगा। शाम चार बजे सांस्कृतिक संध्या में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह मुख्य अतिथि होंगी। शाम पांच से 7:30 बजे तक होने वाले मुख्य समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान प्रशासनिक, न्यायिक, सैन्य और कॉरपोरेट जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।