लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय का 67वां दीक्षांत समारोह सोमवार को होगा। समारोह में 198 पदक और एक लाख से ज्यादा डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। मुख्य अतिथि के रूप में देश का पहला सुपर कंप्यूटर बनाने वाले पद्मभूषण डॉ. विजय पांडुरंग भाटकर, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी मौजूद रहेंगी। अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी।
लविवि कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के दिशा-निर्देश के बाद सभी विद्यार्थियों की डिग्री डिजीलॉकर में अपलोड करने की व्यवस्था चल रही है। दीक्षांत समारोह के दौरान कुलाधिपति के हाथों ये डिजी लाॅकर पर अपलोड की जाएंगी।
इसके बाद सभी छात्रों की डिग्रियां भारतीय पोस्ट से उनके पते पर भेज दी जाएंगी। बताया, अब तक तीन लाख 40 हजार से ज्यादा एकेडमिक बैंक क्रेडिट आईडी बनाई जा चुकी हैं। इसमें विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त किए गए क्रेडिट मौजूद रहेंगे।