लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की स्नातक स्तर की सेमेस्टर परीक्षा में इस बार 80 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें से विद्यार्थियों को सिर्फ 40 सवालों के ही जवाब देने होंगे। लविवि ने 28 जनवरी से शुरू होने जा रही सेमेस्टर परीक्षा के लिए पेपर और सवालों की प्रणाली घोषित कर दी है। कोरोना के चलते इस साल भी परीक्षा बहुविकल्पीय सवाल आधारित प्रणाली पर होगी।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. आनंद मुरारी सक्सेना ने बताया कि स्नातक की सेमेस्टर परीक्षाएं तीन पॉलियों में आयोजित की जाएंगी। बीए तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा सुबह 9.00 से 10.30 बजे तक, बीकॉम तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर की परीक्षा दोपहर 12.00 से 1.30 बजे तक, बीएससी तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर तथा बीए पंचम की परीक्षाएं दोपहर 3.00 बजे से 4.30 बजे तक आयोजित होंगी। अभी तक लविवि में सेमेस्टर की परीक्षा लिखित प्रणाली पर होती थी। इसमें विद्यार्थियों को पांच यूनिट में सवाल के जवाब देने होते थे, लेकिन इस साल ऐसा नहीं किया जाएगा। इसके बजाय ओएमआर पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। लविवि में सम सेमेस्टर की परीक्षा भी ओएमआर पर होती थी, जिसमें बहुविकल्पीय (एमसीक्यू) आधारित दो घंटे की परीक्षा में 80 सवाल पूछे जाते थे। इस साल विषम सेमेस्टर की परीक्षा भी ओएमआर पर हो रही है। इसमें विद्यार्थियों को 80 के बजाय केवल 40 सवालों के ही जवाब देने होंगे।
कम छात्र संख्या बनी सेल्फ सेंटर में बाधा
लविवि ने इस साल सभी कॉलेजों को परीक्षा में सेल्फ सेंटर देने की घोषणा की है। इसमें कॉलेजों की कम छात्र संख्या बाधा बन रही है। कई कॉलेज ऐसे हैं जिनकी छात्र संख्या इतनी कम है कि वहां सेंटर बनाया जाना संभव नहीं है। इसलिए लविवि ने तय किया है कि बेहद कम छात्र संख्या वाले विद्यार्थियों को नजदीक के कॉलेज में शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद 176 कॉलेजों के लिए करीब 50 परीक्षा केंद्र बनाने की योजना है। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार मंगलवार को परीक्षा केंद्रों की घोषणा कर दी जाएगी।