लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 में संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रवेश सहमति शुल्क जमा करने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा की ओर से जारी पत्र के अनुसार, विवि से संबद्ध निजी स्ववित्तपोषित (प्राइवेट/सेल्फ फाइनेंस) महाविद्यालयों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश सहमति शुल्क केवल आरटीजीएस/एनईएफटी के माध्यम से जमा कर सकेंगे।
विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुल्क जमा करने के बाद भुगतान विवरण निर्धारित ई-मेल centralizedadmissiom26gmail.com पर भेजना अनिवार्य होगा। इसके आधार पर विद्यार्थियों को संबंधित महाविद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और रायबरेली जनपद में स्थित सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखें तथा केवल निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही प्रवेश सुनिश्चित करें। शुल्क जमा करने और विवरण भेजने की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित की गई है।