लखनऊ विश्वविद्यालय की स्नातक कक्षाओं के परीक्षा फॉर्म 10 जनवरी तक भरे जा सकेंगे। काफी संख्या में विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म न भर पाने की वजह से यह फैसला किया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एके शर्मा ने शुक्रवार को इसका पत्र जारी कर दिया। बीए, बीएससी, बीकॉम और वार्षिक प्रणाली पर आधारित पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी विवि की वेबसाइट www.luonline.in और www.lkouniv.ac.in पर जाकर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
10 जनवरी के बाद 13 जनवरी तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भरने का अंतिम मौका होगा। इसके बाद किसी भी सूरत में परीक्षा फॉर्म नहीं भरा जा सकेगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एकेे शर्मा ने बताया कि परीक्षा फॉर्म रेग्युलर और एग्जेंप्टेड दोनों परीक्षार्थियों को भरना है।
परीक्षा फॉर्म की फीस केवल एग्जेंप्टेड परीक्षार्थियों को ही भरनी होगी। फॉर्म भरने के बाद उसका प्रिंट आउट संबंधित संकाय और कॉलेज में जमा करना होगा। संकायाध्यक्ष और प्राचार्य को भरे हुए फॉर्म का प्रिंट आउट सत्यापित करके परीक्षा नियंत्रक को 12 जनवरी तक जमा करना होगा। विलंब शुल्क वाले फॉर्म 16 जनवरी तक उपलब्ध कराने होंगे। कॉलेजों को आरटीजीएस के माध्यम से परीक्षा फीस का भुगतान करना होगा।
लविवि ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अंतिम तारीख होने के बावजूद अभी तक प्रथम वर्ष के परीक्षार्थियों के परीक्षा फॉर्म भरने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। एलयू ने इस इस साल से प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म वेबसाइट पर लॉगइन के माध्यम से ही भरने का दावा किया है।