लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय सत्र 2023-24 में केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से दाखिले लेगा। इसके लिए बृहस्पतिवार को विवि ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया। इस बार दूसरे जिलों के सहयुक्त महाविद्यालय भी केंद्रीयकृत प्रणाली के तहत प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। कुलपति ने इस पर सहमति दे दी है। प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई है। अब सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर और रायबरेली के महाविद्यालय भी इस प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
लविवि के कुलसचिव संजय मेधावी ने केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया के लिए सभी सहयुक्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र भेजकर प्रक्रिया में शामिल होने का अनुरोध किया है। कुलसचिव की ओर से जारी किए गए पत्र में कहा गया कि जो भी सहयुक्त महाविद्यालय केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होना चाह रहे हैं, वे पाठ्यक्रमों के विवरण संबंधित सहभागिता शुल्क आरटीजीएस के माध्यम से जमा कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इसके लिए महाविद्यालयों को विवि की ओर से जारी प्रारूप को भरकर lucentralizedadmissions2023gmail.com पर मेल करना होगा। इसकी अंतिम तारीख 31 मई है। महाविद्यालयों को सामान्य एवं प्रोफेसनल पाठ्यक्रम का सहभागिता शुल्क अलग-अलग अदा करना होगा।
यह होगा शुल्क
- प्रोफेशनल पाठ्यक्रम के लिए महाविद्यालय को एक लाख रुपये सहभागिता शुल्क और 18 प्रतिशत जीएसटी (अधिकतम दो पाठ्यक्रमों के लिए) दो से अधिक पाठ्यक्रमों के लिए पचास हजार सहभागिता शुल्क और 18 प्रतिशत जीएसटी (प्रति अतिरिक्त पाठ्यक्रम) देना होगा।
- सामान्य पाठ्यक्रम के लिए पचास हजार सहभागिता शुल्क और 18 प्रतिशत जीएसटी (अधिकतम दो पाठ्यक्रमों के लिए) दो से अधिक पाठ्यक्रमों के लिए पच्चीस हजार सहभागिता शुल्क और 18 प्रतिशत जीएसटी (प्रति अतिरिक्त पाठ्यक्रम) देना होगा।
एमएड, बीएलएड, बीपीएड व एमपीएड में केंद्रीयकृत प्रक्रिया से ही दाखिलाकुलसचिव संजय मेधावी के अनुसार, लविवि और सहयुक्त महाविद्यालयों में एनसीटीई के नियमों के मुताबिक एमएड, बीएलएड, एमपीएड और बीपीएड में प्रवेश केंद्रीयकृत प्रक्रिया से ही होंगे। इसलिए जिन सहयुक्त महाविद्यालयों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे तत्काल आवेदन करें।