लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने मंगलवार को हुई बैठक में नए कोर्स के संचालन के साथ ही उनके सिलेबस पर भी मुहर लगा दी। शासन के निर्देश के बाद इस साल लविवि के सहयुक्त कॉलेजों में कई प्रोफेशनल पाठ्यक्रम शुरू होने हैं। इसके तहत बीबीए रिटेल और बीएससी टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी पाठ्यक्रम का संचालन होना है।
लविवि कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय की अध्यक्षता में हुई कार्यपरिषद की बैठक में नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महाविद्यालय में इसी सत्र से बीबीए रिटेल और शिया पीजी कॉलेज में बीएससी टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी पाठ्यक्रम, गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजूकेशन में बीबीए रिटेल, हीरालाल यादव बालिका डिग्री कॉलेज सरोजनीनगर में बीबीए रिटेल तथा सीतापुर के दीनदयाल उपाध्याय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीबीए रिटेल पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
इन पाठ्यक्रमों का नया सिलेबस भी कार्यपरिषद ने पास कर दिया। फिलहाल सिर्फ प्रथम वर्ष का सिलेबस तैयार हुआ है। बाकी सिलेबस अगले दो से तीन महीने में तैयार करके कार्य परिषद से पास किया जाएगा। कार्य परिषद बैठक में कुछ संविदा शिक्षकों तथा अनानुमोदित कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने, इंजीनियरिंंग संकाय के शिक्षकों को कार्यमुक्त करने और कर्मचारियों व शिक्षकों के स्थायीकरण के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई गई।
इसी दीक्षांत समारोह में मिलेगा बायोकेमिस्ट्री विभाग में नया मेडल
कार्यपरिषद ने मंगलवार को बायोकेमिस्ट्री विभाग के नए मेडल पर भी अपनी मुहर लगा दी। अभी तक विवि में 197 मेडल दिए जाते थे। नया मेडल जुड़ने के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 198 हो गई है। बायोकेमिस्ट्री विभाग के प्रो. सुधीर मेहरोत्रा की ओर से प्रो. एसके अग्रवाल गोल्ड मेडल विभागीय स्तर पर एमएससी में टॉप करने वाले मेधावी को दिया जाएगा।