चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण में पंतनगर, बरेली और औद्योगिक इकाई का किया दौरा
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के एमएससी पर्यावरण विज्ञान के 15 विद्यार्थियों ने चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण में कृषि, पशु चिकित्सा और औद्योगिक अनुसंधान की बारीकियां समझीं। 13 से 16 नवंबर तक आयोजित इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने पंतनगर, बरेली स्थित प्रमुख अनुसंधान संस्थानों और एक औद्योगिक इकाई का दौरा किया।
विभागाध्यक्ष प्रो. गौरी सक्सेना के मार्गदर्शन में हुए भ्रमण का नेतृत्व प्रो. श्याम नारायण पांडेय और डॉ. नेहा साहू ने किया। पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों ने फसल अनुसंधान, पादप रोगों की पहचान और उनके टिकाऊ प्रबंधन की तकनीकें जानीं। नॉर्मन ई. बोरलॉग फसल अनुसंधान केंद्र में कृषि परीक्षणों की जानकारी ली।
इसके बाद आईसीएआर-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर में संग्रहालय और प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया। यहां पशुओं के टीकों और संस्थान के विकसित उत्पादों के बारे में जाना। वहीं, त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड में मक्का से अल्कोहल और गन्ने से चीनी बनाने की प्रक्रिया देखी। इस भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ अनुसंधान और औद्योगिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव मिला।