लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने बप्पा श्री नारायण वोकेशनल डिग्री कॉलेज (केकेवी) को अक्तूबर में अब जाकर ऐसे समय में मान्यता दी है, जबकि लविवि समेत सभी सहयुक्त डिग्री कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। इस समय दाखिले के लिए अनिवार्य लर्न पोर्टल बंद हो चुका है।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने सभी सहयुक्त कॉलेजों में प्रवेश के लिए एलयूआरएन पंजीकरण अनिवार्य किया है। गत 15 अक्तूबर को यह पोर्टल दोबारा खोलकर बंद कर दिया गया। अब बिना पंजीकरण के प्रवेश संभव नहीं है। बीएसएनवी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय मिश्रा ने बताया कि लविवि के कुलसचिव ने 27 अक्तूबर को कॉलेज को एमएसजी जियोलॉजी पाठ्यक्रम में 30 सीटों पर प्रवेश के लिए अनुमति दी है। इसलिए कॉलेज की ओर से विवि को पत्र भेजकर एलयूआरएन पोर्टल खोलने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही दाखिले के पंजीकरण के लिए कॉलेज की वेबसाइट पर निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं जहां छात्र ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। मगर अब सवाल यह उठता है कि जबकि लविवि समेत सभी सहयुक्त डिग्री कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है तो ऐसे में एलयूआरएन पोर्टल खुले बगैर प्रवेश कैसे लिए जाएंगे।
विचार किया जाएगा
कॉलेज प्रशासन की ओर से अभी किसी तरह का प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। प्रार्थना पत्र मिलने पर विचार करते हुए उचित निर्णय लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. विनोद कुमार सिंह, रजिस्ट्रार लविवि