रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी, डिप्टी सीएम ब्र
लखनऊ। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मंगलवार को रन फॉर यूनिटी में शहरियों ने दौड़ लगाकर एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में रक्षामंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस पर हजरतगंज स्थित सरदार पटेल स्मारक पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) काे हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता व उनकी कूटनीतिक एवं रणनीतिक क्षमता का ही परिणाम था कि भारत की एकता और अखंडता सुनिश्चित की जा सकी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज के दिन हमें उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों और नेताओं का स्मरण करना चाहिए, जिन्होंने भारत को आजाद कराने में और स्वतंत्र भारत के निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाई थी। जब भारत आजाद हुआ था तो वह 562 रियासतों में बंटा हुआ था। अंग्रेजों ने जानबूझ कर रियासतों को विलय करने या अलग रहने का निर्णय करने का मौका दिया था। ऐसे में देश के गृहमंत्री के रूप में सरदार पटेल के सामने क्या कठिन परिस्थिति और चुनौती रही होगी, इसकी आज कल्पना करना भी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विलय का काम अगर सरदार पटेल को सौंपा गया होता तो संविधान की धारा 370 की समस्या पैदा ही नहीं हुई होती। सरकार पटेल ने उस समय सूझबूझ और दृढ़ता का परिचय न दिया होता तो आज भारतवासियों को जूनागढ़ और हैदराबाद जाने के लिए वीजा पासपोर्ट की जरूरत पड़ रही होती।
रियासतों को भारत गणराज्य का हिस्सा बनाने में पटेल का अहम योगदान : सीएम
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1947 में जब देश आजाद हुआ था, तब स्वतंत्र भारत में अलग-अलग रियासतों को भारत गणराज्य का हिस्सा बनाने के लिए लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। भले ही उनके कार्यकाल के दौरान उन्हें तत्कालीन सरकारों ने सम्मान न दिया हो, लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरदार पटेल के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करते हुए 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। इस अवसर पर देशवासी जाति, मत, मजहब, क्षेत्र और भाषा को भुलाकर एक साथ एकता दौड़ में शामिल होते हैं। रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम पटेल पार्क से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक आयोजित की गई जिसमें सैकड़ों युवाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, सांसद कौशल किशोर, मंत्री सुरेश खन्ना व मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।