लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने यूपीटीएसी काउंसिलिंग के बाद रिक्त रह गईं सीटों पर सीधे प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 12 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश समन्वयक प्रो. अनित्य गौरव की ओर से शुक्रवार को जारी नोटिस में यह जानकारी दी गई। नोटिस के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रथम वर्ष बीटेक और एमसीए के रिक्त सीटों पर सीधे प्रवेश दिए जाएंगे। इसके अलावा द्वितीय वर्ष बीटेक (लेटरल एंट्री) के सभी इंजीनियरिंग शाखाओं में भी रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पहले निर्धारित अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 12 अगस्त कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।