लखनऊ। बारिश के बीच सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास किया गया। शैक्षणिक यात्रा के साथ ही पदक विजेताओं को मंच से मेडल देने का अभ्यास कराया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान प्रो. मनुका खन्ना राज्यपाल तो प्रो. अरविंद अवस्थी ने मुख्य अतिथि प्रो. बलराम भार्गव की भूमिका निभाई। विवि का 66वां दीक्षांत समारोह छह दिसंबर को होगा।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की भूमिका में प्रो. विभूति राय, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी की भूमिका में डॉ. अर्चना शुक्ला, मानद उपाधि से सम्मानित होने वाले डॉ. संदीप गोयल की भूमिका में विधि विभाग के प्रो. अशोक सोनकर मंच पर कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय और प्रति कुलपति प्रो. अरविंद अवस्थी के साथ मौजूद रहे। इससे पहले शोभायात्रा कुलानुशासक कार्यालय के सामने से निकलकर अशोक वाटिका और भौतिक विज्ञान विभाग के बगल से होते हुए कला संकाय प्रांगण पहुंची। वहीं शाम को कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय की अध्यक्षता में मंथन कक्षा में तैयारियों की समीक्षा बैठक ली गई। इसमें कुलाधिपति के आगमन से लेकर सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
शिक्षक गुनगुनाए, छात्र थिरके
लविवि के प्राणि विज्ञान विभाग में दीक्षांत सप्ताह के तहत सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुईं। विभाग के संकाय सदस्यों व शोध छात्रों के लिए विशेष रूप से आयोजित जश्न-ए-एनिमेलिया में पासिंग द पार्सल, म्यूजिकल चेयर, टॉपल द ग्लास, रिंग कैप्चर, स्ट्रॉ एंड पेपर गेम्स ने सभी को मौका दिया। शिक्षकों ने सदाबहार नगमे गुनगुनाए। शोध छात्र व छात्राएं थिरकते नजर आए।
वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई
वहीं व्यावहारिक अर्थशास्त्र विभाग की ओर से उद्भव के अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। दस छात्रों ने भाग लिया। प्रो. रचना मुजू, प्रो. अर्चना सिंह, प्रो. बिमल जायसवाल, प्रो. अनूप सिंह, डॉ. रंजीत सिंह, डॉ. जय लक्ष्मी शर्मा, डॉ. नागेंद्र मौर्य, डॉ. करुणा शंकर व डॉ. दीपक वर्मा मौजूद रहे।