फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: महिलाओं की आवाज बनूं, तब पूरा होगा पदक का मकसद

Tue, 05 Dec 2023 01:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
सतीश संगम
विज्ञापन


लखनऊ। 12वीं में थी, तभी गांव में एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। सच सब को पता था, पर गरीब होने की वजह से वह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा तक नहीं दर्ज करा सकी। उसी समय पढ़कर कुछ करने का प्रण कर लिया था। दीक्षांत समारोह में मेडल मिलना है, लेकिन इस पदक का असली मकसद तब पूरा होगा जब ऐसी महिलाओं के लिए कुछ कर पाऊंगी। यह कहना है लविवि में एमए गणित की टॉपर नेहा वर्मा का।

हरदोई जिले के ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली नेहा वर्मा के पिता मामूली किसान हैं। नेहा के अनुसार, उसने अपने पिता से आगे पढ़ने की इच्छा जताई। मेहनत और लगन देखकर पिता ने भी हर हाल में पढ़ाने की बात कही। इसके बाद बीए और अब गणित में एमए की परीक्षा पास की है। साथ ही उसने प्रशासनिक सेवा की तैयारी भी शुरू की है। नेहा ने बताया कि सिविल सेवा से जुड़कर मेरा मकसद महिलाओं के हक, अधिकार की आवाज बनकर प्रशासनिक पद से उन्हें न्याय दिलाना है। उन्होंने बताया कि शिक्षा की तमाम व्यवस्था होने के बाद भी ग्रामीण स्तर पर शिक्षा की पहुंच न के बराबर है। इसकी वजह से महिलाएं अपने हक, अधिकार के बारे में जागरूक नहीं हो पा रही हैं। मेरी इच्छा है कि भविष्य में महिलाओं के लिए काम करूं। संवाद
विज्ञापन




शिक्षा के लिए लोगों को करेंगे प्रेरित

आंध्रप्रदेश के रहने वाले वसी रेड्डी को बीए राजनीति विज्ञान विषय में 81 फीसदी अंक मिले हैं। लविवि दीक्षांत समारोह में उन्हें डाॅ. वीएस राम पार्लियामेंट प्राइज से नवाजा जाएगा। वसी रेड्डी ने बताया कि आगे चलकर बैंकिंग की तैयारी करूंगा, इसके साथ ही लोगों को शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित करूंगा।



गांव के लोगों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताना जरूरी

रायबरेली निवासी स्वाति सिंह को एमए साइकोलॉजी में बेहतर अंक लाने पर भृगु प्रकाश मेमोरियल प्राइज से नवाजा जाएगा। स्वाति के अनुसार, अब भी ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का बुरा हाल है। इस पर ध्यान देने की जरूरत है। उनके अनुसार, अभी नेट की तैयारी कर रही हूं, ताकि पीएचडी के लिए सहयोग मिल सके।



कक्षाओं में कोर्स के साथ कौशल विकास की मिलती है शिक्षा

बाराबंकी निवासी चेतना शुक्ला को बीकाम में टॉप करने पर गोल्ड मेडल मिलेगा। चेतना ने बताया कि आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी करूंगी, ताकि सिविल सेवा के साथ जुड़कर समाज की सेवा कर सकूं। विवि में पढ़ाई का बेहतर माहौल मिलता है। छात्रों को चाहिए कि नियमित कक्षाएं करें, क्योंकि यहां शिक्षा के साथ कौशल विकास से जुड़ने का भी मौका मिलता है।



अपने अधिकार के बारे में महिलाओं को जानना जरूरी

लखनऊ निवासी अपूर्वा वर्मा को एमए इतिहास में सबसे ज्यादा अंक मिलने पर गोल्ड पदक से सम्मानित किया जाएगा। अपूर्वा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं आज शिक्षा से वंचित हैं। तरह-तरह की प्रताड़ना चुपचाप सहती हैं, क्योकि उन्हें अपने अधिकारों के बारे में जानकारी नहीं होती है। बताया, यूपीएससी की तैयारी कर रही हूं, ताकि सिविल सेवा के साथ जुड़कर महिलाओं को शिक्षा व अधिकार के प्रति जागरूक कर सकूं।



प्रोफेसर बनने का है सपना

लखीमपुर निवासी प्रेमसागर को एमए इतिहास में बेहतर अंक लाने पर गोल्ड पदक से सम्मानित किया जाएगा। प्रेमसागर ने बताया कि नेट की तैयारी कर रहा हूं। आगे चलकर प्रोफेसर बनूंगा, ताकि गांव के लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक कर सकूं।
विज्ञापन


-

शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ने की इच्छा

लखनऊ निवासी हिना को एमए अरब कल्चर में बेहतर अंक मिलने पर गोल्ड पदक से सम्मानित किया जाएगा। हिना ने बताया कि पिता किसानी करते हैं लेकिन शिक्षा के महत्व को समझते हैं। शुरू से ही शिक्षा के लिए हम सभी को प्रोत्साहित किया। मेरा भी सपना है कि शिक्षक बनकर लोगों को शिक्षा के महत्व के बारे में बता सकूं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें