लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में स्नातक व परास्नातक में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया अप्रैल के पहले सप्ताह में शुरू होगी। आवेदन से लेकर अंतिम तारीख का शेड्यूल विश्वविद्यालय में होने जा रही 28 मार्च को एकेडमिक काउंसिल की बैठक में तय होगा।
यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय ने प्रवेश के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऑनलाइन आवेदन के साथ-साथ केंद्रीय प्रवेश प्रणाली भी लागू रहेगी। इसमें लखनऊ विश्वविद्यालय के माध्यम से संबद्ध कॉलेजों में भी विद्यार्थी प्रवेश ले सकेंगे। ऐसे में लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी आवेदन के लिए अपनी तैयारियां कर लें। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन का विकल्प 31 मार्च को सक्रिय हो जाएगा। आवेदन से जुड़ा ब्रॉशर भी वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध सीटों का ब्योरा
अलग-अलग पाठ्यक्रमों में आवेदन शुल्क व अन्य सभी जरूरी सूचनाएं विवि की वेबसाइट www.lkouniv.ac. पर उपलब्ध हैं। स्नातक स्तर पर विभिन्न पाठ्यक्रमों में 4250 और परास्नातक के कोर्सों में 5062 सीटें हैं। इसके अलावा कई डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स भी हैं।
आवेदन शुल्क व फीस बढ़ाने पर निर्णय 28 को
बता दें कि विश्वविद्यालय का शिक्षक संघ दावा करता रहा है कि विवि वित्तीय स्थिति खराब है। इस संबंध में शासन को एक चिट्ठी भी लिखी है। ऐसे इस बार आवेदन शुल्क व फीस बढ़ोतरी पर निर्णय 28 मार्च को होने वाली बैठक में हो सकता है।
कोट
प्रवेश के लिए आवेदन की तैयारी चल रही है। अप्रैल के पहले सप्ताह में आवेदन शुरू होंगे। इससे पहले होने वाली बैठक में पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।
- प्रो. जेपी सैनी कुलपति लविवि