सुशांत गोल्फ सिटी स्थित बिरला ओपन माइंड स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मेल करने वाली बच्ची को स्पेन के बच्चे ने पूरी डिटेल और कंटेंट डीकोड एप पर चैटिंग के दौरान दिया था। उसी के कहने पर बच्ची ने अपनी ईमेल आईडी से स्कूल को मेल भेजा था। जांच एजेंसी ने स्पेन की आईडी को ट्रेस किया है, जिससे यह तथ्य सामने आया है।
स्कूल प्रशासन को नौ मई की रात धमकी भरा ईमेल everybody.1154@gmail.com आईडी से आया था। इसमें कहा गया था कि स्कूल में बम रखा है। जुलाई में विस्फोट किया जाएगा। अगर ऐसा नहीं चाहते हैं तो सप्ताह के भीतर एक करोड़ रुपये की रंगदारी दें। 15 मई को स्कूल प्रशासन ने एफआईआर कराई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा किया कि ईमेल पुणे की 12 साल की बच्ची ने किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ऑनलाइन गेमिंग के दौरान ईमेल का कंटेंट व स्कूल की मेल आईडी डीकोड एप पर स्पेन के बच्चे ने उपलब्ध कराई थी। बच्ची से कहा गया था कि ईमेल करने से उसे पॉइंट मिलेंगे।
ये भी पढ़ें - हैरान करने वाला खुलासा: पुणे की 12 साल की बच्ची ने भेजा था धमकी भरा ई-मेल, ऑनलाइन गेमिंग में मिला था टास्क
ये भी पढ़ें - आम हो या खास... राम मंदिर में नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल फोन, ट्रस्ट और प्रशासन की बैठक में लिया निर्णय
बच्ची से ऑनलाइन बात भी की
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ऑनलाइन गेमिंग के दौरान जितने लोग जुड़े रहते थे, वे आपस में चैटिंग के साथ बात भी कर सकते हैं। बच्ची ने पुलिस को बताया कि ईमेल करने को लेकर स्पेन के बच्चे से उसकी बातचीत भी हुई थी। इससे साफ हुआ कि वह आईडी एक लड़का इस्तेमाल कर रहा है।
पूरी चेन का पता कर रही जांच एजेंसी
जांच में सामने आया कि बच्ची ने सिर्फ बिरला स्कूल को ही ईमेल भेजा था। वह लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग करती रही है। इसमें ग्रुप बनाकर गेमिंग करती है। जिस ग्रुप में ईमेल करने का टास्क दिया गया, उसमें भी आठ से दस लोग जुड़े थे। जांच एजेंसी इन्हें ट्रेस करने के प्रयास में जुटी है।
... इसलिए चल रही गंभीरता से जांच
पिछले कुछ दिनों में लखनऊ समेत कई शहरों के तमाम स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। अधिकतर स्कूलों में ईमेल के लिए एक ही आईडी का इस्तेमाल किया गया। इस मामले में बच्ची से उसकी आईडी से ईमेल कराया गया। धमकी भरा ईमेल भिजवाना सिर्फ साइबर अपराधियों की शरारत है या इसके पीछे साजिश है। यह पता करने के लिए जांच एजेंसी गहनता से तफ्तीश कर रही है।