भारत स्काउट और गाइड यूपी के अनुसार, 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में राजधानी सहित प्रदेश भर से 8000 बालक और बालिकाएं शामिल होंगे। प्रतिभागियों की उम्र 10 से 25 साल निर्धारित की गई है। मानक के अनुसार, प्रतिभागियों के साथ यूनिट गाइड भी शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों से विद्यार्थियों की प्रतिभागिता के लिए प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र भेजा गया है।
100 दुकानों के जंबूरी बाजार में 85 की हो गई बुकिंग
डिफेंस एक्सपो मैदान में नागरिक सुविधाओं के अलावा भव्य जंबूरी मेला भी लगेगा। इसके लिए 100 दुकानों का जंबूरी बाजार बन रहा है। इस बाजार के संचालक पवन गुप्ता ने बताया कि 100 में 85 स्टॉलनुमा दुकानों की बुकिंग हो गई है। शेष 15 की बुकिंग एक-दो दिन में हो जाएगी। फूड कोर्ट में 7000 लोगों के बैठने की रहेगी। स्टॉल से ही 500 परिवारों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है।
दो महीने से चल रहा है काम
टेंट कैटरर्स एंड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि हमारी ट्रेड से जुड़े लाइट, टेंट, फूल, वैरीकेडिंग, दुकान बनाने वाले व अन्य श्रमिकों को सरकार के ऐसे कार्यक्रमों से बड़ा रोजगार मिल रहा है। करीब दो हजार श्रमिकों और सैकड़ों व्यापारियों को भी इससे रोजगार मिलेगा। सहालग के समय ऐसे कार्यक्रमों से टेंट कारोबार को दोगुनी रफ्तार मिलती है।
उद्योग विभाग की ओर से चिकनकारी का स्टॉल
जंबूरी में ओडीओपी उत्पाद चिकनकारी का भी स्टॉल लगेगा। उपायुक्त उद्योग मनोज चौरसिया ने बताया कि जनपद के चिकनकारी से जुड़े कारीगरों की भी यहां भागीदारी होगी। इसके अलावा प्रदेश भर के ओडीओपी उत्पादों के स्टॉल भी यहां मौजूद रहेंगे।