पिता शंभु दयाल शुक्ल ने संकेत दिया कि शुभांशु को तीन दिनों के लखनऊ प्रवास के दाैरान घर के बजाय विशेष सुरक्षा में एक गेस्ट हाउस में ठहराया जाएगा। इसरो के निर्देश पर शुभांशु के सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए उनका घर आना शायद संभव न हो। उन्होंने कहा कि शुभांशु अब सारे देश का बेटा है। आगे उन पर भारत के पहले मानव मिशन गगनयान जैसी बड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
बीस साल से शुभांशु की कलाई सूनी, बहन बाधेंगी राखी
शुभांशु की बहन शुची मिश्रा ने बताया कि शुभांशु के डिफेंस एकेडमी जाने के बाद से ही उन्हें कभी राखी नहीं बांध पाई। पिछले 20 साल से हर राखी पर उनकी कलाई सूनी रही। इस बार उन्हें राखी बाधूंगी। बताया कि शुभांशु को कुल्फी काफी पसंद है। मिलूंगी तो उनके पसंद की कुल्फी खिलाऊंगी।
शुभांशु के मोहल्ले त्रिवेणी नगर में नई सड़क और नाली बनने के साथ ही सफाई जोरों पर चल रही है। लोग गाैरवान्वित हैं कि उनके मोहल्ले के साधारण लड़के ने सारे विश्व में भारत का परचम फहराया है। सभी का सीना चाैड़ा है। शुभांशु के घर के सामने रहने वाले हिमांशु सोनकर ने कहा कि शुभांशु हम सबके लिए जीता-जागता ध्रुवतारा हैं। आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्तंभ हैं। बताया कि बचपन से शुभांशु दयालु थे और उन्हें कुत्तों से विशेष स्नेह था।
शहर के विशिष्ट जन करेंगे स्वागत
राजधानी में सोमवार को शुभांशु शुक्ला के स्वागत के लिए उनके परिवार के साथ ही प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ उत्तरी से विधायक नीरज बोरा और लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल समेत कई अन्य नेताओं के भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहने की संभावना है।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला।
- फोटो : ANI/वीडियो ग्रैब
शुभांशु के स्कूल सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) की ओर से सोमवार को सीएमएस के छात्रों की ओर से भव्य स्वागत और समारोह की तैयारी है। इसके साथ ही एक भव्य विजय परेड का आयोजन भी किया जाएगा। समारोह की शुरुआत सुबह साढ़े आठ बजे लखनऊ हवाई अड्डे पर होगी। इसके बाद शुभांशु हवाई अड्डे से शुरू होने वाली कार परेड में शामिल होंगे, जो गोमतीनगर विस्तार परिसर से होते हुए जी-20 चौक तक जाएगी।
लोकभवन में सम्मानित करने की है तैयारी
चर्चा है कि सोमवार को शुभांशु को लोकभवन में सम्मानित भी किया जाएगा। शुभांशु से मुलाकात के दाैरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें सम्मानित करने के लिए कुछ घोषणाएं भी कर सकते हैं।