पिछले साल सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव होने के बाद साल भर तमाम कवायद चलीं। आईआईटी की टीम तक का इस्तेमाल हुआ, लेकिन औद्योगिक क्षेत्र को जलभराव से राहत नहीं मिली। यही हाल ट्रांसपोर्ट नगर का भी है। व्यापारी जगह जगह जलभराव से परेशान हैं।
सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को बारिश के बाद जलभराव हो गया। बारिश की वजह से औद्योगिक क्षेत्र के अंदर और बाहर हर जगह पानी पानी ही नजर आ रहा है। वह भी तब जब साल भर से सरोजनीनगर में जलभराव न होने देने की कवायद चली। उद्योग बंधु की बैठक में इस पर कई बार चर्चा चली। बताया गया कि जलभराव का मुख्य कारण जलनिकासी की सही व्यवस्था न होना है। लखनऊ कानपुर मार्ग पर बन रहे नाले के ऊंचा होने की वजह से जल निकासी नहीं हो पा रही है जिससे जरा सी बारिश में भी फैक्टरियों व अन्य जगहों पर पानी भर जाता है।
सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने नगर निगम और यूपीसीडा से जल निकासी की समस्या का समाधान करने की मांग की है। एसोसिएशन के महासचिव रितेश श्रीवास्तव ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से एसोसिएशन जल निकासी की समस्या का समाधान करने के लिए नगर निगम और यूपीएसआईडीए से अनुरोध कर रहा है, लेकिन दुर्भाग्य से अनुरोधों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इस वर्ष की बारिश के कारण जल निकासी की समस्या और भी गंभीर हो गई है। बारिश के कारण औद्योगिक क्षेत्र के बाहर और अंदर जलभराव है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।