लखनऊ के बख्शी का तालाब इलाके के मानपुर बाना गांव के सामने सोमवार शाम टायर फटने से फॉर्मेल्डिहाइड लिक्विड से भरा टैंकर पलट गया। घटना के कारण आसपास के गांवों के करीब 12 हजार लोगों को सांस लेने में समस्या होने लगी। घटना स्थल पर पहुंची बख्शी का तालाब पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और दमकल कर्मियों ने देर रात रेस्क्यू कार्य करके लिक्विड को साफ कराया।
एसीपी बख्शी का तालाब अंकित बंसल ने बताया कि संडीला में इस केमिकल की फैक्टरी है। सोमवार शाम चालक और हेल्पर टैंकर में लिक्विड भरकर संडीला स्थित फैक्टरी से निकल कर गुडंबा के पैकरामऊ जा रहे थे। दोनों शाम करीब 6:30 बजे बख्शी का तालाब में आउटर रिंग रोड पर मानपुरबाना गांव के सामने पहुंचे ही थे तभी टैंकर का टायर फट गया और वह पलट गया। हादसे के कारण लिक्विड सड़क पर फैल गया। आरोपी चालक वहां से भाग निकला। जबकि हेल्पर हादसे में घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पुलिस कर्मी व अन्य टीमें आ गईं।
कस्बे समेत सात गांव के लोग हुए प्रभावित
हादसे के कारण बीकेटी कस्बा, मानपुर बाना गांव, अकोहरी, विजयपुर, नगवा मऊ, दुर्जनपुर और गाजीपुर गांव के 12 हजार लोग प्रभावित हो गए। लोगों को आंख और सांस लेने पर गले में जलन होने लगी। एसीपी ने बताया कि खतरे को देखते हुए मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी बलाई गई।
यातायात किया गया डायवर्ट
बीकेटी पुलिस ने अस्ति रोड का यातायात सीतापुर हाईवे की ओर डायवर्ट कर दिया। हादसे के कारण वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। वहीं दूसरी ओर रेस्क्यू कार्य कर रही टीमों को भी सांस लेने में समस्या होने लगी। आनन-फानन सभी ने मास्क पहना और दोबारा काम शुरू किया गया। पुलिस ने आसपास की दुकानों को भी खाली करा दिया।
लिक्विड कैसे करें डायल्यूट टीम को नहीं थी जानकारी
एसीपी ने बताया कि मौके पर मौजूद सभी टीमों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि इस लिक्विड को डायल्यूट कैसे किया जाए। ऐसे में किसी तरह से फैक्टरी मालिक मनु गुप्ता से संपर्क किया गया। वह भी अपने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और लिक्विड डायल्यूट करने का तरीका बताया। मनु के कहे मुताबिक लिक्विड को खत्म करने के लिए उसे सड़क किनारे खंती तक बहाया गया। इसके बाद उस पर मिट्टी भर दी गई। देर रात तक कार्य चलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
हेल्पर भी अस्पताल से भागा
वहीं, पुलिस ने हेल्पर को अस्पताल पहुंचाया, मगर कुछ देर बाद वह वहां से बिना किसी को भाग निकला। एसीपी ने बताया कि आरोपी चालक और हेल्पर का नाम पता नहीं चल सका है। टैंकर को कब्जे में बीकेटी पुलिस ने लिया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। हालांकि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है ।