शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्य व पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी के काफिले पर सोमवार शाम को पत्थरबाजी हुई। चौक थानाक्षेत्र के चरक चौराहे पर हुए इस घटना में पूर्व अध्यक्ष के सुरक्षा में तैनात कर्मी ने अज्ञात पर आरोप लगाया। सुरक्षाकर्मी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक चौक विश्वजीत सिंह के मुताबिक शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्य व पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी सोमवार शाम करीब पांच बजे अपने घर जा रहे थे। महानगर के मेट्रो सिटी स्थित आवास जाते समय तीन गाड़ियों के काफिला नक्खास से निकलकर चरक चौराहे पर चरक डाग्नोस्टिक सेंटर के सामने पहुंचा था। तभी काफिले की सबसे पीछे चलने वाली गाड़ी पर अचानक से पत्थर आकर लगा। सुरक्षाकर्मियों ने आनन-फानन में काफिले को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर आसपास के इलाके में पत्थर चलाने वाले की तलाश की। लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी और उनके सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी चौक थाने पहुंचे।
एसयूवी का टूटा शीशा
प्रभारी निरीक्षक चौक विश्वजीत सिंह के मुताबिक पूर्व अध्यक्ष के सुरक्षाकर्मी अवधेश ने थाने में तहरीर दी। जिसके मुताबिक उनका काफिला चरक डायग्नोस्टिक सेंटर के सामने पहुंचा था। वहीं पीछे से किसी ने पत्थर मार दी। काफिले में सबसे पीछे चलने वाली एसयूवी का शीशा टूट गया है। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष सहित सभी लोग सुरक्षित है। कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि पत्थर चलाने वाले के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।