लखनऊ में हसनगंज के निरालानगर इलाके में मंगलवार शाम बाइक सवार तीन बदमाश सिगरेट सेल्समैन अमरनाथ राजपूत से 15 हजार रुपये का सामान लूट ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उनको धमकाया भी। अमरनाथ ने हसनगंज थाने में लूट का केस दर्ज कराया है। अब पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
मड़ियांव के केशवनगर द्वितीय निवासी अमरनाथ राजपूत सिगरेट व पान मसाले की दुकानों पर सप्लाई करते हैं। उनके मुताबिक मंगलवार वह चौक के यहियागंज मार्केट से सिगरेट व अन्य सामान खरीदकर बाइक से सप्लाई करने लिए जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे निरालानगर स्थित डॉ. संदीप गर्ग की क्लीनिक के पास एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनको ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने उनकी बाइक की चाभी निकाल ली।
अमरनाथ ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनको जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश अमरनाथ के पास मौजूद बैग लूटकर भाग निकले। बैग में 15 हजार रुपये का माल व कुछ पेपर रखे थे। बदमाशों के भागते ही अमरनाथ ने मदद के लिए शोर मचा दिया।
शोर सुन आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंच गए। सूचना पर हसनगंज पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने पहले तो बाइक सवार लुटेरों को इधर-उधर काफी तलाशा पर कुछ पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर हसनगंज चितवन कुमार ने बताया कि लूट का केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश की जा रही है।
बिना नंबर प्लेट की बाइक से थे बदमाश
पुलिस को छानबीन व सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर पता चला कि बदमाशों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं था। ऐसे में उनकी पहचान करना पुलिस के लिए थोड़ा मुश्किल है। पुलिस का मानना है कि बाइक सवार लुटेरों ने पीड़ित अमरनाथ की रेकी करने के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में दिख रहे बदमाशों की पहचान का प्रयास पुलिस कर रही है। इसके अलावा घटनास्थल के पास लगे मोबाइल टावर की मदद से भी एक्टिव मोबाइल नंबर का डाटा खंगालने में जुटी है।