लखनऊ। पहली बार क्षेत्रीय केंद्र बनाए गए लखनऊ का परीक्षा परिणाम मिलाजुला रहा है। 22 क्षेत्रीय केंद्रों में लखनऊ 15वें नंबर पर है। वहीं इस सूची में त्रिवेंद्रम शीर्ष पर है। सूची में आखिरी पायदान पर गुवाहाटी है। लखनऊ क्षेत्र का पास प्रतिशत 91.63 फीसदी रहा। त्रिवेंद्रम का 99.79 और गुवाहाटी का पास प्रतिश महज 85.32 फीसदी रहा। वहीं सीबीएसई के रिजल्ट में केंद्रीय विद्यालय एक बार फिर से अव्वल साबित हुए हैं। वहीं निजी स्कूलों के साथ ही अनुदानित विद्यालय पास प्रतिशत के मामले में सबसे निचली पायदान पर हैं। पास प्रतिशत के मामले में केंद्रीय विद्यालय 99.57 फीसदी के साथ पहले नंबर पर है। इसके बाद 99.42 फीसदी के साथ जवाहर नवोदय विद्यालय, तीसरे नंबर पर 97.42 फीसदी के साथ राज्य विद्यालय, चौथे नंबर पर 93.77 फीसदी के साथ निजी विद्यालय, पांचवें स्थान पर 91.43 फीसदी के साथ सरकारी विद्यालय और अंतिम पायदान पर 91.01 पास प्रतिशत के सरकारी अनुदानित विद्यालय हैं।