लखनऊ के पारा में सोमवार शाम बुद्धेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान दो सगी बहनों ने सिपाही रेखा से मारपीट की। आरोपियों ने उनकी वर्दी फाड़ दी और भाग निकलीं। पुलिस ने आरोपी बहनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मोहान रोड चौकी इंचार्ज सचिन कौशिक के मुताबिक पिछले गेट पर महिला दरोगा प्रतिभा सिंह, सिपाही रेखा, रीता व शिवानी कुशवाहा ड्यूटी पर तैनात थीं। शाम 6:30 गेट के करीब खड़ी हंसखेड़ा निवासी माही शर्मा व उसकी बहन वैष्णवी महिलाओं के गले पर झपट्टा मारने का प्रयास कर रही थीं। यह देख सिपाही रेखा ने उन्हें रोका तो दोनों गर्भगृह में जाने लगीं।
सिपाही ने दोनों को मेन गेट से जाने के लिए कहा तो वे गालियां देने लगीं। विरोध पर आरोपियों ने रेखा से मारपीट की और उन्हें फर्श पर पटक दिया। आरोपियों ने हाथ में दांत से काटा भी। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि टीम गठित कर दोनों को पकड़ने के प्रयास किया जा रहा है।