लखनऊ। इकाना स्टेडियम के बाहर शुक्रवार को जश्न का माहौल था। यहां न तो विश्व कप और न ही आईपीएल का कोई मुकाबला था। युवाओं की टोली उल्लास से सराबोर थी। ये सभी अपने चहेते पंजाबी गायक व अभिनेता दिलजीत दोसांझ की एक झलक पाने के लिए बेताब थे। कंसर्ट का समय रात आठ बजे था, लेकिन प्रशंसक दोपहर दो बजे से ही स्टेडियम के बाहर पहुंच गए थे।
हजारों की भीड़ को सिर्फ गेट खुलने का इंतजार था। जैसे ही इंट्री शुरू हुई, लोग शोर मचाते हुए स्टेडियम में प्रवेश कर गए।
रात आठ बजे दिलजीत स्टेज पर आए और बोले-भौकाल मचा देंगे, मुस्कुराइये पंजाबी लखनऊ आ गए। दिलजीत ने यूपी सरकार की तारीफ की। कहा, जगह-जगह सूर्य नमस्कार के बोर्ड लगाए गए हैं, जो सराहनीय है। बोले, लखनऊ पुलिस ने पूरे कार्यक्रम को शानदार तरीके से कराया। मैं सभी पुलिसकर्मियों का आभार प्रकट करता हूँ। इसके बाद उन्होंने गाना शुरू किया। दिलजीत ने पांज तारा ठेके उत्ते बहके तारेया मैं तेरा सारा गुस्सा, तू मुझे कबूल मै तुझे कुबूल, पैसों पूसे बारे, बिल्लो सोचे दुनिया जाट पैदा होया बस छौं वास्ते और डू यू नो समेत कई गाने गाए। दिलजीत के गानों पर श्रोता देर रात तक झूमे।