चिनहट में रविवार दोपहर पान थूकने के लिए चालक ने चलती वैन का दरवाजा खोल दिया। पीछे से आ रहे स्कूटी सवार स्टेशनरी दुकानदार शौनक शुक्ला (50) से टकरा गए और उनकी मौत हो गई। आरोपी चालक वैन को अस्पताल में छोड़कर भाग निकला।
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि शौनक इंदिरानगर निवासी थे और स्कूटी से मटियारी जा रहे थे। यादव ढाबा के पास वैन चालक ने पान थूकने के लिए अचानक दरवाजा खोला, जिससे शौनक की स्कूटी टकराई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
आरोपी चालक उन्हें लोहिया अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही चालक वैन छोड़कर भाग निकला। अस्पताल कर्मियों ने शौनक के पास मिले मोबाइल से उनके घरवालों और पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी की वैन कब्जे में ली गई है।
अस्पताल व घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित परिवार तहरीर देता है तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शाैनक के भाई इंद्र देव शुक्ला ने बताया कि भाई के परिवार में पत्नी राधा शुक्ला और दो बच्चे हैं।