वेंडरों को लोन दिलाने में देश में चौथे नंबर पर राजधानी
प्रदेश में बनारस के बाद दूसरे नंबर पर अपना शहर
पटरी दुुकानदारों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से रोजगार के लिए दस हजार रुपये का लोन दिलाने में लखनऊ नगर निगम देश में चौथे नंबर पर पहुंच गया है। वहीं प्रदेश में वाराणसी के बाद दूसरे स्थान पर है। योजना में पहले पायदान पर आने के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। रविवार को भी बैंकों को खुलवाकर पटरी दुकानदारों के खाते में लोन की राशि भेजवाने का काम करवाया। नगर आयुक्त ने खुद कई बैंकों में जाकर निरीक्षण किया और काम में और तेजी लाने के निर्देश भी नगर निगम कर्मचारियों-अधिकारियों को दिए।
नगर आयुक्त ने बताया कि अब तक 37400 स्ट्रीट वेंडर्स का पीएम स्वनिधि योजना के पोर्टल पर पंजीकरण करा लिया गया है। उसमें से 15822 लाभार्थियों का लोन बैंक से स्वीकृत हो गया, जिसमें से 7200 लाभार्थियों के खाते में दस हजार रुपये की राशि भी बैंक से भेजी जा चुकी है। इस आधार पर लखनऊ नगर निगम देश में बनारस, इंदौर और भोपाल के बाद चौथे नंबर पर है।