उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के पिलखुआ–डासना रेलखंड में 10 से 16 सितंबर तक ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इससे डबलडेकर, अवध आसाम एक्सप्रेस सहित आठ ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि गाड़ी संख्या 12558 आनंद विहार टर्मिनल मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति एक्सप्रेस 16 सितंबर को आनंदविहार टर्मिनल से 75 मिनट, 12584 आनंद विहार टर्मिनल लखनऊ डबलडेकर एक्सप्रेस आनंदविहार टर्मिनल से 90 मिनट, गाड़ी संख्या 12392 नई दिल्ली राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस 150 मिनट एवं 13258 आनंद विहार टर्मिनल दानापुर एक्सप्रेस आनंद विहार से 150 मिनट देरी से चलाई जाएंगी। उपरोक्त सभी ट्रेनें 16 सितंबर को प्रभावित होंगी। इसी क्रम में गाड़ी संख्या 15909 डिब्रूगढ़ लालगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस 10 सितंबर को मार्ग में 45 मिनट, 12392 नई दिल्ली राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस 12 सितंबर को दिल्ली मंडल में आधे घंटे, 13258 आनंद विहार टर्मिनल दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस 12 सितंबर को दिल्ली मंडल में आधे घंटे एवं 15909 डिब्रूगढ़ लालगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस 14 सितंबर को रास्ते में 75 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।
श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या से भगवान राम के ससुराल जनकपुरी तक ट्रेन सेवा जल्द शुरू हो सकती है। इसके लिए उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने शेड्यूल बनाकर दिया है। यह ट्रेन गोरखपुर वाया दरभंगा होते हुए चलाई जाएगी। सूत्र बताते हैं कि सितंबर से अक्तूबर के बीच इसे शुरू किया जा सकता है। अयोध्या से जनकपुरी तक ट्रेन चलाने के लिए गत वर्ष फरवरी में रेलवे बोर्ड ने तैयारियों के निर्देश दिए थे। एनईआर और एनआर ने ट्रेन का शेड्यूल बनाकर भेज दिया था। अयोध्या से गोरखपुर होते हुए जनकपुर धाम तक ट्रेन चलाने की योजना थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से योजना अधर में लटक गई थी। रेलवे सूत्रों के अनुसार अब फिर इस योजना को अमल में लाए जाने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि इस संबंध में केंद्र सरकार नेपाल से बातचीत कर रही है। ट्रेन 22 कोच की रहेगी। इसमें जिसमें फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी, थर्ड एसी सहित स्लीपर और जनरल क्लास की बोगी होगी।
इस रूट से चल सकती है ट्रेन
अयोध्या से चलकर ट्रेन गोरखपुर होते हुए बिहार के नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, जयनगर और जनकपुर रोड से जनकपुरी धाम तक जाएगी। ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी।