एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से गाड़ियों के एवरेज और इंजन पर असर पड़ने की खबरों के बाद ग्राहकों का रुझान 100 फीसदी खालिस पेट्रोल की ओर बढ़ा है। 91 ऑक्टेन नंबर वाले 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के बजाय, ग्राहक अब 95 ऑक्टेन से लेकर 100 ऑक्टेन नंबर वाले उच्च गुणवत्ता के पेट्रोल की मांग कर रहे हैं। हालांकि, मांग ज्यादा होने के कारण ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर इनका स्टॉक उपलब्ध नहीं है।
सोमवार को राजधानी के कुछ पेट्रोल पंपों पर इसकी पड़ताल की गई तो 95 ऑक्टेन से 100 ऑक्टेन नंबर वाला उच्च गुणवत्ता का पेट्रोल नहीं मिला। हजरतगंज स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम, अलीगंज के भारत पेट्रोलियम और महानगर व अशोक मार्ग स्थित इंडियन ऑयल के पंपों पर यह पेट्रोल उपलब्ध नहीं था।
ग्राहकों की मांग पर कर्मचारी उन्हें सादे पेट्रोल के साथ 10 रुपये के ऐडऑन सैशे को टंकी में डालने की सलाह देते दिखे, जिससे पेट्रोल में लुब्रिकेंट बढ़ने पर इंजन पर कोई फर्क न पड़े। पंप कर्मचारियों ने बताया कि उच्च गुणवत्ता वाले पेट्रोल की मांग बढ़ने से स्टॉक खत्म हो गया है। सूत्रों के अनुसार, सरकार ई-20 पेट्रोल की बिक्री पर जोर दे रही है, जिससे उच्च गुणवत्ता वाले पेट्रोल की बिक्री पर रोक लगाई जा रही है।
लखनऊ पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव आलोक त्रिवेदी के अनुसार, सभी पेट्रोल में लगभग 20 प्रतिशत एथेनॉल होता है। कंपनियां विशेष केमिकल या एडहेसिव के जरिये पेट्रोल के ऑक्टेन नंबर को मेंटेन करती हैं। भारत पेट्रोलियम का स्पीड 97, हिंदुस्तान पेट्रोलियम का पावर 95 और इंडियन ऑयल का एक्सपी 95 पेट्रोल 95 ऑक्टेन नंबर के हैं। इंडियन ऑयल के एक्सपी 100 (100 ऑक्टेन) पेट्रोल में सिर्फ 0.02 प्रतिशत एथेनॉल होता है।
100 फीसदी खालिस पेट्रोल खत्म
लखनऊ में 293 पेट्रोल पंप हैं, जिनमें से कुछ चुनिंदा पंप ही 100 ऑक्टेन नंबर वाले पेट्रोल की बिक्री के लिए अधिकृत हैं। यह पेट्रोल मुख्य रूप से प्रीमियम रेंज की गाड़ियों में इस्तेमाल होता है, जिसकी कीमत 163-164 रुपये के बीच है।