गोसाईगंज के टंट का पुरवा गांव निवासी नौ वर्षीय छात्र अंकुश यादव की रविवार सुबह तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह गांव के बाहर मंगल विहार के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी गोसाईंगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के मुताबिक टंट का पुरवा निवासी सतीश यादव का इकलौता बेटा अंकुश रविवार सुबह करीब 10 बजे खेलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह गांव के बाहर स्थित तालाब में नहाने उतर गया। ग्रामीणों के मुताबिक, नहाते समय वह तालाब में मिट्टी निकालने के लिए आगे बढ़ा और गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला।
जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सीएचसी गोसाईंगंज ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकुश तीन बहनों में इकलौता भाई था। परिवार के इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बेहोश हो गई। वहीं, पिता सतीश यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।