पेड़ पर चढ़कर सीएम से मिलने की मांग करता युवक
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर के मौराकला हिलौली निवासी कल्लू मुख्यमंत्री से मिलना चाहता था। उसने कई बार प्रयास किया लेकिन असफल रहा। शुक्रवार सुबह वह मुख्यमंत्री आवास से कुछ दूर पहले ही एक पेड़ पर चढ़ गया। उसने गले में फंदा लगा लिया था। हाथ में माइक पर साथ में रखे एक झोले में कई पर्चे व पोस्टर लिये थे। पेड़ पर युवक के चढ़ने की सूचना मिली तो पुलिस के होश उड़ गये। आननफानन एसीपी हजरतगंज, इंस्पेक्टर गौतमपल्ली टीम के साथ पहुंचे। दो घंटे तक युवक का मान-मनौव्वल करते रहे। मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया तो नीचे उतरा। कल्लू ने कहा कि उसे गांव में मकान बनवाने के लिए पट्टे की जमीन चाहिए। इस दौरान उसने कई पर्चे भी पुलिस की तरफ फेंके। पुलिस ने कल्लू से मुजफ्फरनगर के अधिकारियों से बातचीत कराकर वापस भेज दिया है।
मुजफ्फरनगर के मौराकला हिलौली के कल्लू के पास अपना कोई आवास नहीं है। इसके लिए वह स्थानीय स्तर पर कई अधिकारियाें से पट्टे की जमीन की मांग की लेकिन नहीं मिला। अपने मकान के जमीन के लिए मुख्यमंत्री से मिलने का फैसला किया। कल्लू के मुताबिक वह बृहस्पतिवार को लखनऊ पहुंचा। मुख्यमंत्री आवास की तरफ गया लेकिन उसकी मुलाकात नहीं हो सकी। शुक्रवार की सुबह वह मुख्यमंत्री आवास के पास विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित एक पेड़ पर चढ़ गया। उसने गले में फंदा लगा रखा था। वहीं हाथ में माइक लेकर अपनी मांग भी कर रहा था। शोरगुल सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची तो सामने उसने कई पर्चे फेंके। एक पर्चे पर लिखा था कि हिंदू देवी-देवताओं का जो अपमान करें हम उसे वोट क्यों दें। पुलिस कल्लू की मान मनौव्वल करने में जुट गई। एसीपी हजरतगंज अरविंद कुमार वर्मा के मुताबिक युवक को मुख्यमंत्री से मिलवाने का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे के मान मनौव्वल के बाद नीचे उतारा जा सका। एसीपी के मुताबिक कि पूछताछ में पता चला कि युवक के पास पीएम मोदीए सीएम योगी और दिल्ली के सीएम केजरीवाल की फोटो भी थी। पर, पुलिस ने इस बात से इंकार किया है।
घर बनवाने के लिए चाहिए जमीन
इंस्पेक्टर गौतमपल्ली सुधीर अवस्थी के मुताबिक कल्लू ने बताया कि उसे गांव में मकान बनवाने के लिए पट्टे की जमीन चाहिए। वह मकान बनवाना चाहता है। पर जमीन नहीं मिल रही है। कल्लू ने मुजफ्फरनगर में अपनी तहसील अथवा जिलाधिकारी के पास कोई इस संबंध में प्रार्थनापत्र नहीं दिया है। न ही अब तक कभी सीएम से मिलने के लिए कोई अर्जी लगाई थी। घरवालों से बात की गई तो पता चला कि कल्लू को हाइपर टेंशन की बीमारी है। उसका इलाज भी चल रहा है। मुजफ्फरनगर पुलिस को सूचना दे दी गई है। वहीं परिजन भी लखनऊ पहुंच रहे हैं।