बीबीडी के तिवारीगंज में रहने वाली ज्योति उर्फ गुड़िया मिश्रा (30) की संदिग्ध हालात में बृहस्पतिवार को मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दिया है। वहीं मृतका के भाई ने बहनोई पर मारपीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक बीबीडी अतुल सिंह के मुताबिक तिवारीगंज में सत्येंद्र मिश्रा परिवार सहित रहते हैं। परिवार में पत्नी ज्योति उर्फ गुड़िया और दो बच्चे हैं। सत्येंद्र इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में काम करता है। सत्येंद्र के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह अपनी बेटी सिया को स्कूल छोड़ने के लिए गया था। वहीं बेटा घर के बाहर खेल रहा थ्ज्ञा। वापस घर आया तो कमरे में गया।
वहां पत्नी को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गये। सत्येंद्र ने इसकी सूचना पुलिस व ससुराल के लोगों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू किया। वहीं भाई मुकेश पांडेय ने बहनोई पर आरोप लगाया कि उसने मारपीट कर हत्या कर दी। शव को फंदे से लटका दिया है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में बाइक सवार की मौत, साथी घायल
गोसाईंगंज नई जेल के पास बाइक सवार रोहित (25) व धीरज को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक गोसाईंगंज के मुताबिक मोहनलालगंज के कनकहागढ़ी का रहने वाला रोहित बृहस्पतिवार देर रात को दोस्त धीरज के साथ बाइक से घूमने निकला था। गोसाईंगंज नई जेल रोड पर अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी।हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं धीरज को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। भाई मोहित के मुताबिक रोहित अविवाहित था। उसने हेलमेट नहीं पहने था।
महिला ने फांसी लगाई, मौत
इंदिरानगर के तकरोही में रहने वाली पदमा तिवारी (40) ने बृहस्पतिवार दोपहर को फांसी लगाकर जान दे दी। उनका शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक खुदकुशी का कारण सामने नहीं आया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक इंदिरा नगर स्थित तकरोही सुंदर तिवारी परिवार सहित रहते हैं। परिवार में पत्नी पदमा और दो बच्चे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर को दोनों बच्चे स्कूल गये थे। वहीं सुंदर काम से निकले थे। इसी बीच पदमा ने कमरे में साड़ी के फंदे से फांसी लगा ली। दोपहर में खाना खाने के लिए वापस घर पहुंचे सुंदर ने कई बार दरवाजे पर दस्तक दी। लेकिन दरवाजा नहीं खुला। धक्का देकर दरवाजा खोला तो अंदर कमरे में पदमा का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रामफल के मुताबिक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। खुदकुशी के कारण की पड़ताल की जा रही है।
ससुरालियों से विवाद के बाद जहर खाकर दी जान
मड़ियांव के गौरभीट में किराए पर रहने वाले सोनू (22) ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने बताया कि ससुरालियों से विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है। पुलिस इस बिंदु पर पड़ताल कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से सीतापुर के जमालपुर का रहने वाला सोनू 1 साल से मड़ियाव स्थित अपनी ससुराल गौरभीट में पत्नी रुचि के साथ रहकर मजदूरी करता था। भाई मुकेश ने बताया बृहस्पतिवार शाम उसके भाई के ससुराल के पड़ोसियों ने मोबाइल पर सूचना दी कि उसके भाई के साथ ससुराल वालों ने दोपहर में मारपीट की थी। जिससे नाराज होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। यह सुनते ही वह सीतापुर से जब लखनऊ पहुंचा तो पता चला कि उसके भाई की मौत हो चुकी है। पुलिस को सूचना दी गई । मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने पुलिस से यह मांग की है कि उसकी पत्नी से पूछताछ किया जाए कि ऐसा क्या हुआ था, जिससे कि उसने जहर खा लिया।