आईएसआईएस से जुड़े आतंकी सबाउद्दीन आजमी की गिरफ्तारी के बाद यूपी पुलिस अलर्ट हो गई है। आतंकी के मंसूबे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जिलों की पुलिस को भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार आदि में सतत निगरानी करने के साथ पैदल गश्त करने को कहा गया है। संदिग्ध लोगों की तलाशी लेने के साथ वाहन आदि की जांच भी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर एटीएस की टीम पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर एटीएस सबाउद्दीन के साथियों और उसके कनेक्शन के तलाश में जुट गई है। आतंकी को रिमांड पर लेने की तैयारी भी चल रही है। गौरतलब है कि एटीएस की टीम ने मंगलवार को आजमगढ़ से सबाउद्दीन को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में विस्फोटक बनाने की सामग्री बरामद किया था। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद उसे लखनऊ लाकर एटीएस के अधिकारियों ने लंबी पूछताछ की है। पूछताछ में उसने 15 अगस्त को धमाका करने समेत कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दी है।