जमानत पर चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करने के मामले में दरोगा ने मांगी माफी
लखनऊ। जमानत पर चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के मामले में कोर्ट के सख्त रुख और पुलिस अधिकारियों को तलब करने के चलते मंगलवार को इटौंजा थाने के दरोगा बजरंगी गौतम ने कोर्ट में हाजिर होकर माफी मांग ली। थानाध्यक्ष इटौंजा रविंद्र कुमार सिंह कोर्ट में हाजिर तो हुए, लेकिन लिखित माफी नहीं मांगी। पॉक्सो एक्ट के विशेष न्यायाधीश बृजेंद्र त्रिपाठी मामले की अगली सुनवाई 4 जनवरी को करेंगे।
दोनों पुलिस अधिकारियों ने आरोपी सुनील एवं उसके पिता रामखेलावन को गत 17 दिसंबर को भोर में 4.00 बजे दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दोनों आरोपियों ने इससे पहले ही कोर्ट से जमानत करा ली थी। गिरफ्तारी की जानकारी होने पर अदालत ने निर्देश पर कर्मचारियों ने पुलिस को जमानत की सूचना दी फिर भी दोनों पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों को रिहा नहीं किया था। इसके बाद कोर्ट ने वकील सौरभ कुमार श्रीवास्तव एवं अजय कुमार श्रीवास्तव की शिकायत पर इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार सिंह एवं चौकी इंचार्ज बजरंग गौतम को स्पष्टीकरण देने के लिए मंगलवार को तलब किया था। बजरंगी गौतम ने अपना स्पष्टीकरण देते कहा कि अदालत के मध्यम से सूचना मिलने के पहले गिरफ्तारी की सभी कार्यवाही पूरी की जा चुकी थी। बजरंगी गौतम ने कोर्ट से अनुरोध किया है कि उन्हें माफ कर दिया जाए।